Thursday, November 29, 2018

करणी सेना के नेता कालवी ने कहा- आडवाणी मोड में आ जाएंगी वसुंधरा

राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले आजतक ने राज्य की नब्ज टटोलने का काम किया. आजतक के खास कार्यक्रम 'पंचायत आजतक' में गुरुवार को राजस्थान चुनाव से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई. कार्यक्रम के चौथे सत्र 'किसका होगा राजस्थान' में बीजेपी नेता व जयपुर के पूर्व राजघराने से ताल्लुक रखने वाली दिया कुमारी, कांग्रेस की प्रवक्ता रागिनी नायक और राजपूत समाज की आवाज उठाने का दावा करने वाली करणी सेना के नेता लोकेंद्र सिंह कालवी के बीच जोरदार बहस हुई. बहस के दौरान कालवी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम कसम राम की खाते हैं, बीजेपी को हराएंगे.

बहस की शुरुआत करते हुए बीजेपी नेता दिया कुमारी ने कहा कि जितना काम पांच साल में हुआ, उतना कभी नहीं हुआ था. स्वास्थ्य महकमे में और सड़क को लेकर जितना काम हुआ है, वह पहले नहीं हुआ. जब मैं कांग्रेस के शासन में एक स्वास्थ्य केंद्र के दौरे पर गई थी, तब वहां मरीज नहीं जानवर ज्यादा थे. लेकिन अब वहां हालात बेहतर हैं. बीते पांच सालों में हर एमएलए ने मेहनत की. इन पांच सालों में जिसने विकास किया, जनता उसे जिताएगी.

लेकिन जब उनसे पूछा गया कि उनका टिकट क्यों कट गया तो उन्होंने कहा- मैंने पार्टी से कहा था कि मुझे निजी कारणों के चलते चुनाव नहीं लड़ना था. पार्टी मुझे टिकट देना चाहती थी. अगर आगे पार्टी टिकट देगी, तो मैं चुनाव लड़ूंगी. दिया कुमारी ने कहा कि अगर मेरा टिकट कटा होता तो क्या मैं इतने जोरशोर से चुनाव प्रचार करती? इस पर रागिनी ने कहा कि कई बार ऐसा भी होता है.

क्या राजपूत समाज ब्लैकमेल करेगा?

राजपूत समाज की आवाज बुलंद करने का दावा करने वाली करणी सेना से जब पूछा गया कि क्या आप बीजेपी को ब्लैकमेल करेंगे तो जवाब में इस सेना के नेता लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा- करणी सेना की आवाज बुलंद है. लेकिन बीजेपीवाले राजपूत समाज से क्या चाहते हैं?  राजपूतों ने गुलामी की हद तक बीजेपी का साथ दिया, लेकिन आज राजपूत समाज की क्या अहमियत है?

दिल्ली में बैठे लोगों में राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी. यही वजह थी कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के अलावा फिल्म पद्मावत देशभर में रिलीज हुई. क्या पद्मावत के मामले पर हम और आप (दिया कुमारी) अमित शाह से नहीं मिले थे? राजपूतों को समझाने के लिए कई कॉन्क्लेव हो रहे हैं. कांग्रेस ने राजपूतों को समझाने के लिए कमिटी बनाई है. मैं बीमार था, तब दोनों राष्ट्रीय अध्यक्षों (कांग्रेस और बीजेपी) ने मेरा हालचाल पूछा. तब मैंने समझा कि मेरा नहीं राजपूत समाज का हालचाल पूछ रहे हैं. कांग्रेस की प्रवक्ता रागिनी नायक ने भी कहा कि राजपूतों के मन में बीजेपी को लेकर आक्रोश है और बीजेपी की ओर से टिकट देने में धांधली हुई है.

'वसुंधरा आडवाणी मोड में आएंगी'

करणी सेना के नेता लोकेंद्र सिंह कालवी ने दावा किया कि वसुंधरा राजे पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की 'क्रिएशन' हैं. उन्होंने वसुंधरा का नाम लिए बिना कहा कि कई लोग राजपूत होने का क्लेम कर रहे हैं. गौरतलब है कि वसुंधरा कई बार यह बयान दे चुकी हैं कि वह राजपूत की बेटी हैं और जाट परिवार की बहू. इस पर भी कालवी ने तंज किया.

उन्होंने कहा कि राजपूत समाज के कई लोग विजातीय विवाह का विरोध करते रहे हैं. उन्होंने दावा किया- चुनाव के बाद वसुंधरा राजे आडवाणी मोड में आएंगी. कालवी यहीं नहीं रुके. उन्होंने दिया कुमारी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि सवाई माधोपुर की विधायिका मोदी मोड में आ जाएंगी. कालवी ने कहा- अजमेर उपचुनाव में बीजेपी हारी. नाम बदनाम हुआ राजपूत समाज का. उन्होंने राजपूत समाज से अपील करते हुए कहा- मैं तो कहता हूं कि सभी 36 कौमें वोट की चोट दें. मैं बीजेपी को सवाई माधोपुर में हरवा दूंगा.

No comments:

Post a Comment